Rajasthan : धौलपुर में 326 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

धौलपुर, राजस्थान । प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में प्रदेश स्तरीय रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( PM Narendra Modi ) के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रदेश को 16,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही 21,800 से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, और सरकार पारदर्शी व मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर निरंतर बढ़ा रही है।

इसी क्रम में धौलपुर जिला मुख्यालय पर नगर परिषद टाउन हॉल में प्रातः 10ः30 बजे जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण Video Confrence के माध्यम से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से जोड़ा गया। साथ ही जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अभिभावक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने 326 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र एवं किट प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जिले के विकास में सक्रिय योगदान दें।

युवाओं में उत्साह का माहौल

कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त कार्मिकों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। कई युवाओं ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें यह अवसर मिला है, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हुआ है और परिवार में खुशी का माहौल है।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए एन सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीना, उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नव नियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *