करौली, राजस्थान: जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट करौली अक्षय गोदारा ने आदेश जारी कर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 22 मई 2026 से 5 जून 2026 तक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश कुल 15 दिनों के लिए रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों पर लागू होगा। हालांकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं केंद्रों पर पूर्ववत कार्य करती रहेंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों को मिलने वाला गर्म पका भोजन (HCM) और टेक होम राशन (THR) पहले की तरह उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा तापमान में लगातार बढ़ोतरी और हीट वेव की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए लिया है। आदेश की अवहेलना करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।






