जयपुर। राजस्थान सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों के पोषण स्तर को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के तहत खोले गए 135 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब गैस कनेक्शन और दो बर्नर वाले हॉट प्लेट चूल्हे उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के लिए पौष्टिक और गर्म भोजन तैयार करने में आसानी होगी।
सरकारी आदेश के अनुसार, इन केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष के बच्चों को रोजाना गर्म पका हुआ भोजन और दूध उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक केंद्र को 5,300 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रति लाभार्थी प्रतिदिन 0.45 रुपये की दर से अतिरिक्त राशि दी जाएगी, जिससे वे गैस सिलेंडर रिफिलिंग करा सकें।
योजना का उद्देश्य और प्रक्रिया
इस पहल का मुख्य मकसद आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पकाने की प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और स्वच्छ बनाना है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस उपकरणों का उपयोग और रखरखाव सावधानीपूर्वक किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गैस कनेक्शन लेने, चूल्हा प्राप्त करने और नियमित रिफिलिंग की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
महिला पर्यवेक्षक इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगी। गैस कनेक्शन और चूल्हा (Two Burner Hotplate Regular) अधिकृत डीलरों से ही खरीदे जाएंगे। साथ ही सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप आदि की स्टॉक एंट्री भी रखी जाएगी।
बजट
वित्त विभाग ने इस योजना के लिए आवश्यक धनराशि जारी कर दी है। राज्य सरकार की ओर से 2024-25 और 2025-26 में कुल 135 केंद्रों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खातों में राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी और उपयोगिता प्रमाण-पत्र भी जमा कराना होगा।
आदेश पढ़ें – यहां क्लिक करें
यह फॉर्म भरना होगा – क्लिक करें




