Karauli : कैलादेवी मेले के पदयात्रियों के लिए 14 मार्च से लगेगा भव्य भंडारा

हिंडौन सिटी, करौली । उत्तर भारत के प्रसिद्ध कैलादेवी मेले ( Kailadevi Mela ) में आने वाले पदयात्रियों की आवभगत में शहरवासियों द्वारा हर साल बड़ी संख्या में भंडारों का आयोजन किया जाता है। इस बार भी हिंडौन में कई स्थानों पर भंडारे लगाए जाएंगे। आयोजन समितियों की ओर से भंडारों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है।

मां कैलादेवी भंडारा समिति ( Maa Kailadevi Bhandara Samiti ) के पदाधिकारियों की एक बैठक रविवार को हुई, जिसमें भंडारे की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए कमेटी बनाकर जिम्मेदारियां दी गई। आयोजन समिति से जुड़े राजू मदान, रमेश कटारिया, मोहिनी मीना आदि ने बताया कि उनकी समिति की ओर से पिछले 22 वर्षों से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।

इस बार भंडारे का शुभारंभ 14 मार्च को प्रातः सवा आठ बजे गणेशन रिसॉर्ट के सामने कल्ला की टाल के बाहर किया जाएगा। समिति सदस्य पूर्व पार्षद राजू मदान, रमेश कटारिया, मोहिनी मीना, चिम्मन गोयल, जीतम चतुर्वेदी, मुनीम ठेकेदार एवं कल्ला पंजाबी ने बताया कि मेले में उत्तरप्रदेश के आगरा, कासगंज, अलीगंज, फिरोजाबाद, दिल्ली सहित कई प्रांत व शहरों से लाखों की संख्या में पदयात्री कैला माता के दर्शनों के लिए आते हैं, जिनकी आवभगत के लिए 14 मार्च को विधिवत पूजा अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया जाएगा।

ये भी पढ़ें – BLO ने SIR से परेशान होकर की आत्महत्या, बेटी की शादी के लिए नहीं दी छुट्टी

राजू मदान ने बताया कि भंडारे में पदयात्रियों के लिए बफर सिस्टम लगाकर दाल, चावल, बूरा, रोटी, सब्जी, अचार व चाय की व्यवस्था रखी गई है। इसके साथ ही पदयात्रियों के नहाने व ठहरने की भी व्यवस्था की जाएगी। भंडारा स्थल पर प्राथमिक उपचार के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की भी व्यवस्था की जाएगी।

भंडारे में खास बात यह भी रहेगी कि किसी भी तरह के प्लास्टिक व थर्माकोल का उपयोग नहीं किया जाएगा। यात्रियों की भोजन व्यवस्था के लिए स्टील की प्लेटों का उपयोग किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *