Karauli : जिला सॉफ्टबॉल संघ करौली के चुनाव संपन्न, देवी सहाय शर्मा बने अध्यक्ष

हिण्डौन सिटी, करौली । मोहन नगर स्थित निर्मल हैप्पी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला सॉफ्टबॉल संघ करौली के चुनाव शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी मदन मोहन शर्मा (एडवोकेट) की देखरेख में पूरा निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला खेल अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता, राजस्थान राज्य सॉफ्टबॉल संघ के प्रतिनिधि कमलेश शर्मा तथा राजस्थान ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि विश्राम मीणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी सम्माननीय उपस्थिति में देवी सहाय शर्मा को अध्यक्ष, सियाराम चौधरी को सचिव तथा अशोक सोलंकी को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

इसी क्रम में उपाध्यक्ष पद पर प्रियकांत बेनीवाल, गुलाब सिंह बेनीवाल, मनीष चौधरी एवं सियाराम चौधरी का निर्वाचन हुआ। संयुक्त सचिव पद पर भगत सिंह बेनीवाल, अपेक्षा सारस्वत, राम सहाय जाटव एवं अटल कुमार भारद्वाज को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नफीस अहमद, नीरज कुमार शुक्ला, भावना टांक, सुखपाल यादव एवं राजवीर सिंह को चुना गया।

ये भी पढ़ें – सपोटरा में शिव मंदिर की मूर्ति खंडित, विधायक हंसराज मीना ने लिया घटनास्थल का जायजा

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के प्रति जिले भर के खेल प्रेमियों में हर्ष का वातावरण देखा गया। संरक्षक मंडल में सेवानिवृत्त व्याख्याता वीरेंद्र सिंह राजावत, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक महेंद्र शर्मा, शिक्षक महेश शर्मा, ब्लॉक प्रभारी हरीश पाठक, शिक्षक वेद रत्न जैमनी, महेंद्र गौतम, फजले अहमद, ओमप्रकाश जाट सहित अनेक शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने बधाई प्रेषित की।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि खेल संगठनों की सक्रियता से क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाती हैं। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी से अपेक्षा व्यक्त की कि वह जिले में सॉफ्टबॉल खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

उल्लेखनीय है कि गत वर्षों में संघ के प्रयासों से जिले को दर्जनों राष्ट्रीय खिलाड़ी प्राप्त हुए हैं, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित कर करौली का नाम रोशन किया है। खेल प्रेमियों का विश्वास है कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में सॉफ्टबॉल खेल को और अधिक संगठित स्वरूप मिलेगा तथा जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और दिशा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *