रजत सेन ने ‘लल्लनटॉप’ को कहा अलविदा, ‘इंडियन एक्सप्रेस हिंदी’ से जुड़े

Journalist Rajat Sen : डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में एक अहम बदलाव हुआ है। करीब एक दशक तक ‘लल्लनटॉप’ का चेहरा रहे वरिष्ठ पत्रकार रजत सेन ने अब नई पारी की शुरुआत कर दी है। उन्होंने औपचारिक रूप से ‘इंडियन एक्सप्रेस हिंदी’ की टीम ज्वाइन कर ली है। देर रात सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रजत ने खुद इस बदलाव की जानकारी साझा की।

सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव पिछले कुछ समय से चर्चा में था। मीडिया गलियारों में पहले ही अटकलें थीं कि रजत सेन जल्द ही नई जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। अब उनके ऐलान के साथ इन चर्चाओं पर विराम लग गया है।

LallanTop के संस्थापक सदस्यों में रहे शामिल

रजत सेन उन शुरुआती पत्रकारों में रहे जिन्होंने ‘लल्लनटॉप’ की नींव रखने में भूमिका निभाई। बतौर डिप्टी एडिटर उन्होंने लगभग दस वर्षों तक संस्थान के साथ काम किया। इस दौरान वे रिपोर्टिंग, लेखन, डॉक्यूमेंट्री निर्माण, वीडियोग्राफी, एडिटिंग और फोटोग्राफी जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय रहे।उनके द्वारा तैयार की गई कई डॉक्यूमेंट्री और ग्राउंड रिपोर्ट्स को दर्शकों से खास सराहना मिली। डिजिटल स्टोरीटेलिंग के नए प्रयोगों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है।

सोशल मीडिया पोस्ट में जताया आभार

अपने विदाई संदेश में रजत सेन ने भावुक शब्दों में ‘लल्लनटॉप’ के साथ बिताए दस वर्षों को याद किया। उन्होंने लिखा कि यह सफर उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि जीवन का एक महत्वपूर्ण दौर रहा। उन्होंने कहा कि यहां काम करते हुए उन्हें अपार स्नेह मिला और पेशेवर के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।

रजत ने यह भी स्वीकार किया कि उनके जीवन के “फॉर्मेटिव इयर्स” इसी संस्थान में बीते और यहां का अनुभव उन्हें एक बेहतर इंसान और पत्रकार बनाने में सहायक रहा।

सौरभ द्विवेदी के साथ फिर नई टीम

जानकारी के मुताबिक, रजत सेन अब ‘इंडियन एक्सप्रेस हिंदी’ की टीम में वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी के साथ काम करेंगे। दोनों पहले भी साथ काम कर चुके हैं और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी जोड़ी को प्रभावी माना जाता है।सूत्रों का यह भी कहना है कि आने वाले दिनों में ‘लल्लनटॉप’ के कुछ और चेहरे भी नई टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *